लंदन, 23 अगस्त । ब्रिटेन दौरे पर गए पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख राशिद अहमद को घूंसा मारा गया और उन पर अंडे फेंके गए । पाकिस्तान की मीडिया में आयी खबरों में इसकी जानकारी दी गयी है ।
पाकिस्तान के मंत्री और अवामी मुस्लिम लीग के प्रमुख पर यह हमला उस समय किया गया जब वह इस हफ्ते के शुरू में लंदन में एक पुरस्कार समारोह स्थल से बाहर सिगार पीने के लिए निकले ।
खबरों के मुताबिक, पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) से जुड़े दो लोगों ने पीपीपी नेता बिलावल भुट्टो जरदारी के खिलाफ ‘‘अपमानजनक भाषा’’ के इस्तेमाल के प्रतिशोध के रूप में हमले की बात स्वीकारी ।
आसिफ खान एवं समाह नाज ने यह दावा किया कि राशिद साक्षात्कारों में हमेशा दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के बेटे बिलावल भुट्टो के खिलाफ ‘‘अपमानजनक एवं खराब भाषा’’ का इस्तेमाल करते रहते हैं ।
उन्होंने कथित तौर पर कहा कि मंत्री को इस बात के लिए आभारी होना चाहिए कि केवल अंडे का इस्तेमाल किया गया जो इस तरह के ‘असभ्य राजनेता’ से निपटने का एक ब्रिटिश तरीका था।
अवामी मुस्लिम लीग की ब्रिटेन इकाई के अध्यक्ष सलीम शेख ने पाकिस्तानी मीडिया को बताया, ‘‘हमने देखा कि आसिफ खान एवं एक महिला इस हमले में शामिल हैं लेकिन दोनों मौके से भाग गए और उनकी इस शर्मनाक घटना का कोई वीडियो साक्ष्य नहीं है लेकिन अब दोनों ने सामने आ कर हमले का दावा किया है ।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम उनके बारे में पुलिस में रिपोर्ट करेंगे या नहीं, इसका निर्णय शेख राशिद अहमद से बातचीत के बाद किया जाएगा ।
राशिद को कथित तौर पर पिछले हफ्ते भी आलोचना का सामना करना पड़ा जब भारतीय उच्चायोग के बाहर 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान लंदन में भारत विरोधी प्रदर्शन में ब्रिटेन में रहते हुए उन्होंने हिस्सा नहीं लिया ।
इधर यह जानकारी भी सामने आई है कि,भारत के जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने और राज्य को दो हिस्सों में बांटकर केंद्र शासित प्रदेश बनाने के फैसले के बाद परमाणु युद्ध की धमकी देना पाकिस्तान के रेल मंत्री शेख रशीद को महंगा पड़ा। यहां एक समारोह में हिस्सा लेने के बाद बाहर निकले श्री शहीद को उनके बयान से नाराज लोगों ने घेर लिया और चांटे ही चांटे मारे और उन पर अंडे फेंके तथा धक्कामुक्की की।
अवामी मुस्लिम लीग के प्रमुख श्री रशीद एक पुरस्कार समारोह में भाग लेकर यहां के एक होटल से बाहर निकले की वहां मौजूद लोगों ने उन्हें घेर लिया, चांटे मारे और उन पर अंडे फेंके और धक्कामुक्की की । इस घटना के बाद लोग वहां से भाग निकले।
पाकिस्तान मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी(पीपीपी) के युवा संगठन पीपुल्स युवा संगठन यूरोप के प्रमुख आसिफ अली खान और पार्टी की ग्रेटर लंदन महिला शाखा की अध्यक्ष समाह नाज ने एक बयान जारी कर इस हमले की जिम्मेदारी ली।
दोनों ने कहा कि रेल मंत्री ने पीपीपी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी के खिलाफ अपशब्द कहे थे और इससे नाराज होकर यह कदम उठाया गया है , हालांकि दोनों ने बयान में धक्का मुक्की नहीं करने और श्री रशीद पर केवल अंडा फेंकने की बात को स्वीकार किया है।
गौरतलब है कि भारत ने पांच अगस्त को जम्मूृ कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को समाप्त करने के साथ ही राज्य का बंटवारा कर इसे दो हिस्सों लद्दाख् और जम्मू कश्मीर में विभाजित करने के साथ ही केंद्र शासित प्रदेश बना दिए थे । इस फैसले के बाद श्री रशीद ने परमाणु युद्ध की धमकी दी थी । इसके अलावा दोनों देशों के बीच चलने वाली समझौता एक्सप्रेस रेल सेवा को भी बंद कर दिया गया था ।