Home / राजनीति / मध्यप्रदेश में भाजपा का धिक्कार आंदोलन:इंदौर में शिवराज सिंह चौहान ने कहा- कांग्रेस सरकार सुन ले , आज मैं उसके खिलाफ संघर्ष का ऐलान कर रहा हूँ attacknews.in

मध्यप्रदेश में भाजपा का धिक्कार आंदोलन:इंदौर में शिवराज सिंह चौहान ने कहा- कांग्रेस सरकार सुन ले , आज मैं उसके खिलाफ संघर्ष का ऐलान कर रहा हूँ attacknews.in

भोपाल/इंदौर 9 मार्च । किसानों के साथ वादाखिलाफी करने वाली कांग्रेस सरकार सुन ले, आज मैं उसके खिलाफ संघर्ष का ऐलान कर रहा हूं। मुख्यमंत्री कमलनाथ सुन लें, मैं यह धोखाधड़ी का खेल नहीं चलने दूंगा। किसानों को 2100 रुपये प्रति क्विंटल गेहूं का दाम देना पड़ेगा। जो फसल बर्बाद हुई है, उसका मुआवजा देना पड़ेगा। प्रदेश सरकार को यह चेतावनी शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने इंदौर में धिक्कार आंदोलन का नेतृत्व करते हुए कही। आंदोलन के दौरान कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया गया।

सरकार को नींद से जगाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पूरे प्रदेश में धिक्कार आंदोलन किया। इंदौर में आंदोलन का नेतृत्व करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार और इसके मंत्री बेलगाम हो गये हैं। उन्हें जनता के सुख-दुःख की परवाह नहीं है। प्रदेश में अपराध अपने चरम पर हैं। किसान को उसका हक नहीं मिल रहा है। सरकार ने संबल योजना पर रोक लगा दी है, जिससे गरीबों को उसका लाभ नहीं मिल रहा है। हम यह अन्याय नहीं होने देंगे। श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के किसानों को सोयाबीन और मक्का का 500 रुपया बोनस का नहीं मिला। धान बेचने गए किसानों को बोरियां नहीं मिली, तो उन्होंने अपनी बोरियों में धान भरकर रख दिया और बारिश में वह खराब हो गया। अब सरकार धान उठा नहीं रही है और कहा जा रहा है कि फोल्डर बंद हो गया। फोल्डर अपनी जगह है, लेकिन अगर सरकार ने इसी तरह किसानों के साथ अन्याय किया, तो हम इस सरकार को बंद कर देंगे, चलने नहीं देंगे।

श्री चौहान ने कहा कि चारों तरफ त्राहि-त्राहि मची है। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले कहा था कि वह किसानों का 2 लाख रुपये तक का कर्ज माफ करेगी। आज 200, 300, 400 रुपये देकर कांग्रेस किसानों के साथ कर्जमाफी के नाम पर मजाक कर रही है। कर्जमाफी के नाम पर टाइम पास किया जा रहा है। प्रदेश में किसानों का कर्ज माफ होना है, कुल 56 हजार करोड़ रुपये का और सरकार ने दिया है केवल 6000 करोड़ रुपये। यह राशि भी कर्ज माफी के लिए नहीं, बल्कि पूरे विभाग को दी गई है। इसी से सरकार की कथनी और करनी में फर्क स्पष्ट हो जाता है। लेकिन हम प्रदेश के गरीबों और किसानों के साथ ऐसा मजाक चलने नहीं देंगे। सरकार को गेहूं 2100 रुपए प्रति क्विंटल खरीदना होगा, चने का, लहसुन का, धान का बोनस देना होगा।

गांव-गांव में होगा संघर्ष

पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हम यहां सरकार को चेतावनी देने आए हैं कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले प्रदेश की जनता से जो-जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करना होगा। उन्होंने कहा कि जिंदा कौमें इंतजार नहीं करतीं और हम भी पांच साल इंतजार नहीं करेंगे। हम सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में संघर्ष करेंगे। गांव-गांव में संघर्ष करेंगे और गांव-गांव में जंग होगी।

कांग्रेस सरकार ने तबादलों को बनाया उद्योग: प्रभात झा

दतिया – कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश में तबादलों को उद्योग बना दिया है। प्रदेश में अराजकता का माहौल है, किसान बदहाल हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार द्वारा शुरू की गई योजनाओं को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। कांग्रेस जिन वचनों को लेकर सत्ता में आई, सरकार बनते ही वादाखिलाफी कर रही है। यह बात पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद श्री प्रभात झा ने शनिवार को दतिया में पार्टी के धिक्कार आंदोलन का नेतृत्व करते हुए कही।

पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद श्री प्रभात झा के नेतृत्व में शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री प्रभात झा ने कहा कि कमलनाथ सरकार किसानों से किए गए कर्जमाफी के वादे को पूरा करने में बुरी तरह असफल रही है।  कमलनाथ सरकार ने प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना की सूची भी अब तक केंद्र सरकार को नहीं भेजी है, जिसके कारण केंद्र सरकार उक्त योजना की पहली किश्त किसानों के खाते में नहीं डाल पाई है। फरेब और झूठ के सहारे सत्ता हासिल कर कांग्रेस ने प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता को छला है। श्री झा ने कहा कि ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का हक नहीं है।

वादे पूरे नहीं कर रही कांग्रेस सरकार: कैलाश विजयवर्गीय

ग्वालियर-पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने घोषणा की थी यदि किसानों का कर्जा 10 दिन में माफ नहीं हुआ,  तो मैं मुख्यमंत्री को हटा दूंगा। लेकिन इस प्रदेश में एक भी किसान ऐसा नहीं है जिसका दो लाख का कर्जा माफ हुआ हो। कांग्रेस ने कहा था कि बेरोजगार नौजवानों को भत्ता देंगे, रोजगार देंगे। क्या मध्यप्रदेश का एक भी ऐसा नौजवान है,  जिसे बेरोजगारी भत्ता मिला हो। कांग्रेस की सरकार अपने किसी भी वादे को पूरा नहीं कर रही है।

यह बात पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव श्री कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार को धिक्कार आंदोलन के दौरान ग्वालियर में कलेक्ट्रेट का घेराव करते हुए कही। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री दिग्विजय  कमलनाथ सिंधिया हैं। दिग्विजय पर्दे के पीछे हैं। कमलनाथ देखने के लिए मुख्यमंत्री हैं। सिंधिया उत्तरप्रदेश में हैं। यह विशेषता है कांग्रेस में।

श्री विजयवर्गीय ने कहा कि कमलनाथ उद्योगपति हैं, उनके शासनकाल में क्या एक भी उद्योग मध्यप्रदेश में लगा है। हां, मध्यप्रदेश में तबादला उद्योग जरूर शुरू हो गया है। इसमें जितने भी ट्रांसफर हुए हैं,  उससे ज्यादा कैंसिल किए हुए हैं। पैसे लाओ ट्रांसफर ले जाओ। और ज्यादा पैसे लाओ निरस्त करा ले जाओ। श्री विजयवर्गीय ने कहा कि आज कांग्रेस की हालत सिक्के वाले टेलीफोन बूथ जैसी हो गई है।

किसानों, युवाओं के साथ छलावा कर रही प्रदेश सरकार: गोपाल भार्गव

जबलपुर– किसानों से छलावा, बेरोजगार युवाओ से फरेब और सिर्फ झूठ के सहारे कांग्रेस ने सत्ता हासिल की है। कांग्रेस ने प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता को छला है और ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई हक नहीं है। यह बात शनिवार को जबलपुर में नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव ने धिक्कार आंदोलन का नेतृत्व करते हुए कही।

प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में जबलपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धिक्कार दिवस आंदोलन किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव के नेतृत्व में कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर धरना- प्रदर्शन किया गया।

उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष श्री गोपाल भार्गव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस ने जिन मुद्दों को अपने घोषणा पत्र में शामिल किया था,  उन्हें आज तक पूरा नहीं किया है। चुनाव पूर्व कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था कि हमारी सरकार बनने दीजिये, 10 दिनों में हमारा मुख्यमंत्री किसानों का कर्ज माफ करेगा। अब राहुल गांधी जी को अपनी बात पर कायम रहना चाहिए और कमलनाथ जी को पद से हटाना चाहिए।  कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए 4 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था। आज आप सब जानते हैं,  एक भी युवा को बेरोजगारी भत्ता नहीं मिला है। सरकार ने न रोजगार देने का प्रयास किया और न ही बेरोजगार युवाओं को भत्ता दिया। सिर्फ झूठे सपने दिखाए हैं। अपहरण का उद्योग भी मप्र में पनप रहा है। प्रदेश में अपराधियों पर कोई लगाम नहीं है।

वादा निभाने में असफल रही प्रदेश सरकार: विक्रम वर्मा

धार में पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री विक्रम वर्मा ने धिक्कार आंदोलन का नेतृत्व करते हुए कहा कि प्रदेश की कमलनाथ सरकार किसानों से किए गए कर्जमाफी के वादे को पूरा करने में बुरी तरह असफल रही है।  कमलनाथ सरकार ने प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना की सूची भी अब तक केंद्र सरकार को नहीं भेजी है, जिसके कारण केंद्र सरकार उक्त योजना की छह हजार रुपए की राशि की पहली किश्त किसानों के खाते में नहीं डाल पाई है। जबकि अन्य प्रदेशों ने सूची केंद्र सरकार को दे दी है,  जिससे किसानों के खातों में राशि पहुंचने लगी है। आंदोलन के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना बघेल, जिला अध्यक्ष डॉ. राज बर्फा, सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर, विधायक श्रीमती नीना वर्मा, श्रीमती मालती पटेल, श्री दिलीप पटोदिया, श्री विनोद शर्मा, पूर्व सांसद श्री छतरसिंह दरबार सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

झूठे वादे कर कांग्रेस ने प्रदेश में सत्ता हथियाई: नंदकुमारसिंह चौहान

खंडवा– प्रदेश में कांग्रेस ने चुनाव में झूठे वादे कर सत्ता तो हथिया ली लेकिन लाखों किसानों का कर्जा अभी भी माफ नहीं हो पाया है। कांग्रेस का वचन पत्र झूठा साबित हुआ है और न किसानों की ऋण माफी हुई, न ही बेरोजगारों को रोजगार दिया जा रहा है। अभी भी झूठी घोषणाओं के अलावा कांग्रेस के पास कुछ भी नहीं है। कांग्रेस सरकार तबादला उद्योग में लगी हुई है। यह बात सांसद नंदकुमार सिंह चौहान ने खण्डवा के अनाज मंडी प्रांगण में कही। इस अवसर पर प्रदेश मंत्री सुश्री कविता पाटीदार, विधायक देवेंद्र वर्मा ने भी सम्बोधित किया।

धिक्कार आंदोलन का नेतृत्व रतलाम में श्री बंशीलाल गुर्जर, मुरैना में पूर्व मंत्री डाॅ. नरोत्तम मिश्रा, भिण्ड में पूर्व सांसद श्री अशोक अर्गल, श्योपुर श्री नरेंद्र बिरथरे, शिवपुरी श्री रणवीर सिंह रावत, गुना श्री राजेश सिंह सोलंकी, अशोकनगर श्री जयसिंह कुशवाहा, सागर श्री भूपेन्द्र सिंह, टीकमगढ श्री उमेश शुक्ला, छतरपुर श्री राजेन्द्र गुरू, दमोह श्री घासीराम पटेल, पन्ना श्री बृजेन्द्रप्रताप सिंह, रीवा श्री राजेन्द्र शुक्ला, सतना श्री गणेश सिंह, सीधी श्री फग्गनसिंह कुलस्ते, सिंगरौली श्री रामसिंह पटेल, शहडोल श्री अजयप्रताप सिंह, अनुपपुर श्री गिरीश द्विवेदी, उमरिया श्री धु्रवप्रताप सिंह, कटनी श्री प्रणय प्रभात पाण्डे, डिंडोरी श्रीमती संपतिया उइके, मंडला श्री नरेश दिवाकर, बालाघाट श्रीमती नीता पटेरिया, सिवनी श्री बोधराम भगत, नरसिंहपुर श्री विनोद गोटिया, छिंदवाड़ा श्री गौरीशंकर बिसेन, होशंगाबाद श्री जीतू जिराती, हरदा श्री कमल पटेल, रायसेन श्री सुरेन्द्र पटवा, विदिशा श्री रामपाल सिंह, राजगढ डाॅ. गौरीशंकर शेजवार, बुरहानपुर श्रीमती अर्चना चिटनीस, खरगौन सुश्री ऊषा ठाकुर, बड़वानी श्री अंतर सिंह आर्य, झाबुआ श्री बाबूसिंह रघुवंशी, अलीराजपुर में श्री शंकर ललवानी ने प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी का पुरजोर विरोध कर किया।

गरीबों को उनका हक दिलाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता छाती पर गोली खाने को तैयार हैं: राकेश सिंह

भोपाल-भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता किसी से डरने वाले लोग नहीं हैं। हम आगे बढ़ने वाले लोग हैं। कमलनाथ सरकार और उनका प्रशासन लाठी, डंडे क्या गोलियां चलाएं, गरीबों को उनका हक दिलाने के लिए भाजपा का हर कार्यकर्ता छाती पर गोली खाने के लिए तैयार है। यह बात शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेशसिंह ने राजधानी भोपाल भारतीय जनता पार्टी के आंदोलन का नेतृत्व करते हुए कही।

भोपाल में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेशसिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जंगी प्रदर्शन कर कलेक्टर कार्यालय के सामने जमकर नारेबाजी की। हजारों कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष ट्रैक्टर चलाते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। विरोध प्रदर्शन के उपरांत भोपाल में 6हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी दी।

हर तरफ अराजकता, किसान बदहाल

राजधानी भोपाल में आंदोलन का नेतृत्व करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेशसिंह ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में बहुत अंतर है। कांग्रेस ने कहा था कि कानून व्यवस्था को हम और बेहतर करेंगे लेकिन प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। चारों ओर अराजकता का माहौल है, किसान बदहाल हैं। उन्होंने कहा कि इससे बड़ा दुर्भाग्य क्या होगा कि बेरोजगारी भत्ता देने का वचन देने वाली प्रदेश सरकार कौशल विकास के नाम पर मध्यप्रदेश के युवाओं से पशुओं का हांका करवाने का कह रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कमलनाथ सरकार हर कदम पर वादाखिलाफी कर रही है, लेकिन समय आ गया है कि कांग्रेस का हिसाब-किताब बराबर हो।

भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज हो रहे झूठे मुकदमे

आंदोलन के दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रामेश्वर शर्मा, महापौर श्री आलोक शर्मा, सांसद श्री आलोक संजर, विधायक श्री विश्वास सारंग, श्री विष्णु खत्री, जिला अध्यक्ष श्री विकास विरानी, श्री सुरजीत सिंह चौहान सहित वरिष्ठ नेताओं ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि कमलनाथ सरकार प्रदेश के लोगों को केन्द्र की योजनाओं का लाभ लेने से रोक रही है। गरीब, असहाय और निर्धनों के लिए शिवराज सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष श्री विजेश लुणावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेंद्र पाराशर, श्री शैलेंद्र प्रधान, श्री भगवानदास सबनानी, श्री अंशुल तिवारी, श्री सुमित पचैरी, श्री जगदीश यादव, श्री गुड्डू शर्मा, श्री हीरेंद्र सिंह, श्रीमती सरिता देशपांडे, श्री अशोक सैनी  श्री आरके सिंह बघेल, श्री सुधीर जाचक, श्री सुनील यादव, श्रीमती वंदना जाचक, श्रीमती हंस कुवर, श्री महेश शर्मा सहित हजारों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

attacknews.in

About Administrator Attack News

Dr.Sushil Sharma Admin/Editor

Check Also

लोकसभा चुनाव के पहले ही बिखर गया विपक्ष;राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति चुनाव से विपक्ष में उभरा मतभेद, कांग्रेस-टीएमसी में घमासान तेज attacknews.in

लोकसभा चुनाव के पहले ही बिखर गया विपक्ष;राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति चुनाव से विपक्ष में उभरा मतभेद, कांग्रेस-टीएमसी में घमासान तेज

राहुल गांधी ने अरुणाचल से एक लड़के के लापता होने के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बुज़दिल कहा attacknews.in

राहुल गांधी ने अरुणाचल से एक लड़के के लापता होने के मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बुज़दिल कहा

महात्मा गांधी पर अपमानजनक टिप्पणी मामले में अब ठाणे पुलिस ने कालीचरण महाराज को किया गिरफ्तार attacknews.in

ठाणे (महाराष्ट्र), 20 जनवरी । महाराष्ट्र के ठाणे शहर की पुलिस ने महात्मा गांधी के …

Video:छत्तीसगढ़ में कांग्रेसियो द्वारा ही मुस्लिम वोटरों को पक्का करने के लिए हिंदू धर्म सभा का आयोजन करके कालीचरण महाराज को षड्यंत्र से फंसा दिया;राहुल गांधी भी इसमें शामिल attacknews.in

छत्तीसगढ़ में कांग्रेसियो द्वारा ही मुस्लिम वोटरों को पक्का करने के लिए धर्म सभा का आयोजन करके कालीचरण महाराज को षड्यंत्र से फंसा दिया;राहुल गांधी भी इसमें शामिल

वाह रे लोकतंत्र! बिहार में मरने वाले उम्मीदवार ने जीता पंचायत चुनाव;अधिकारियों को तब पता चला जब वे जीतने का प्रमाणपत्र सौंपने के लिए आवाज लगाते रहे attacknews.in

वाह रे लोकतंत्र! बिहार में मरने वाले उम्मीदवार ने जीता पंचायत चुनाव;अधिकारियों को तब पता चला जब वे जीतने का प्रमाणपत्र सौंपने के लिए आवाज लगाते रहे