भोपाल, 22 अगस्त । पड़ाेसी देश पाकिस्तान के ‘हैंडलर’ से संपर्क रखने और उनके निर्देशों पर फर्जी बैंक खातों के जरिए पैसों के लेनदेन करने के मामले में मध्यप्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने सतना जिले से तीन आरोपियों को आज गिरफ्तार कर लिया।
प्रदेश पुलिस मुख्यालय के अनुसार सुनील सिंह, बलराम सिंह और शुभम मिश्रा को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि ये तीनों और उनके साथी पाकिस्तान के उन हैंडलरों के संपर्क में आकर काम कर रहे थे, जो भारत विरोधी कार्यों में पहले से ही लिप्त हैं।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि उसे खबर मिली थी कि सुनील सिंह और बलराम सिंह द्वारा पाकिस्तान के कई फोन नंबरों से संपर्क कर बड़ी धनराशि का लेनदेन किया जा रहा है।
गहन जांच में पाया गया कि पाकिस्तान के इन नंबरों में वे नंबर भी शामिल हैं, जो वर्ष 2017 में पंजीबद्ध अपराध में भी सामने आए थे और उनके निर्देशों पर भारत की सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जानकारी एकत्रित की जा रही थी।
जांच में पता चला कि सुनील सिंह, बलराम सिंह, शुभम मिश्रा और उनके साथियों ने इस प्रकरण में भी संगठित होकर उन्हीं पाकिस्तानी एजेंटों को बैंक एकाउंट तथा एटीएम कार्ड की जानकारियां तथा पैसा भेजा है, जो कि पहले भी योजनाबद्ध तरीके से सामरिक महत्व की जानकारियां एकत्रित कर रहे थे।
तीनों ने पाकिस्तान के उन्हीं हैंडलरों के फिर से संपर्क में आकर काम किया, जो कि भारत के विरूद्ध पूर्व में काम कर रहे थे।