भोपाल, 04 मार्च ।मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्य में चले सियासी घटनाक्रमों के बीच आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) माफियाओं के साथ मिलकर राज्य की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का असफल प्रयास पिछले कई दिनों से कर रही है।
श्री कमलनाथ ने एक बयान में कहा कि सरकार पिछले कई समय से संगठित भू-माफिया, संगठित अपराध माफिया, नकली दवाओं के व्यापार और अन्य तरह के माफियाओं के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि यह सभी माफिया भाजपा के संरक्षण में पिछले 15 साल में पनपे हैं। मध्यप्रदेश की जनता को इन माफियाओं से मुक्त कराने का व प्रदेश को माफिया मुक्त बनाने का अभियान भाजपा को रास नहीं आ रहा हैं। इन माफियाओं के धनबल के दम पर वह साजिश-षड़यंत्र रच कर आलोकतांत्रिक तरीके से सत्ता में आने के मंसूबे पाल रही है।
श्री कमलनाथ ने कहा कि आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा का लोकतंत्र में विश्वास नहीं है। उनका विश्वास साजिश, षड्यंत्र और धनबल में है। दरअसल भाजपा को भय है कि किसानों की कर्जमाफी, बेरोजगारों को रोजगार देने की कोशिशें, प्रदेश में बढ़ता निवेश, लोगों की आस्थाओं के सम्मान से उसका जनाधार निरंतर खिसक रहा है। वह भयभीत है कि आने वाले 5 साल में कांग्रेस सरकार अपनी उपलब्धियों से जनता का पुनः विश्वास हासिल करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने यह भी साबित कर दिया है कि यह घोषणाओं की सरकार नहीं है। काम करने वाली सरकार है। हम प्रतिबद्ध है अपने वचन-पत्र के एक-एक वादों का पूरा करने के लिए। जनता से जो विश्वास शक्ति हमें प्राप्त है, इसके बल पर हम मध्यप्रदेश को देश के शीर्ष राज्यों की गणना में लाकर खड़ा कर देंगे, यह भय भाजपा को सता रहा हैं। इसलिये वह लोकतंत्र व संवैधानिक मूल्यों की हत्या कर मध्यप्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता के जनादेश का अपमान कर सत्ता में आने के लिये छटपटा रही हैं।
श्री कमलनाथ ने दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के पास पूरा बहुमत है। यह हमने विधानसभा में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के चुनाव में, बजट को पारित कराने में साबित किया हैं। भाजपा को हर बार मुंह की खानी पड़ी है। हर बार की तरह इस बार भी भाजपा के मंसूबे ‘मुंगेरीलाल के सपने’ की तरह साबित होंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने गोवा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, हरियाणा सहित कई राज्यों में लोकतंत्र व संवैधानिक मूल्यों की हत्या करने का काम किया है। उसी कड़ी में प्रदेश में भी यही दोहराने का प्रयास वह कर रही है। हमें हमारे सभी विधायकों पर पूर्ण विश्वास है। उनकी निष्ठा – ईमानदारी पर हमे कोई संदेह नहीं है। भृष्टाचार-घोटालों से कमाये इस कालेधन की सच्चाई सामने आ चुकी है, भाजपा की सारी साजिशें नाकाम होगी।
श्री कमलनाथ ने कहा कि भाजपा की साजिशों-षड्यंत्रों के बावजूद कर्तव्य पथ पर हम डिगेंगे नहीं, रुकेंगे नहीं बल्कि और मजबूती से चलते रहेंगे। उन्होंने दृढता के साथ कहा कि प्रदेश की तस्वीर बदलना हमारा लक्ष्य है। प्रदेश को माफिया मुक्त बनाना हमारा लक्ष्य है, मिलावट मुक्त बनाना हमारा लक्ष्य है, प्रदेश को ऊँचाइयों पर ले जाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि प्रदेश हित हमारे लिये सर्वोपरि है, हर वर्ग का विकास हमारा लक्ष्य है, प्रदेश की जनता का विश्वास हमारे साथ है। प्रदेशवासी इस सच्चाई को जानते है व भाजपा के इन कृत्यों को देख रहे हैं और वक्त आने पर इसका जवाब भी देंगे।