कई बार विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहे दिग्विजय सिंह के खिलाफ RSS के द्वितीय सरसंघचालक ‘गुरुजी’ को लेकर की गई टिप्पणी पर FIR दर्ज attacknews.in


( विशाल शर्मा)

नयी दिल्ली, 09 जुलाई । मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के अधिवक्ता राजेश जोशी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के द्वितीय सरसंघचालक माधव सदाशिव गोळवलकर ‘गुरुजी’ को लेकर सोशल मीडिया पर एक फर्जी बयान साझा किये जाने को लेकर पुलिस रिपोर्ट दर्ज करायी है।

इंदौर के सुदामा नगर निवासी श्री जोशी ने शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे तुकोगंज थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 153 ए, 469, 500 और 505 के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी।

श्री जोशी ने पुलिस रिपोर्ट में कहा है कि विश्व के सबसे बड़े निस्वार्थ समाजसेवी संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विरुद्ध विद्वेषपूर्ण तरीके से दलितों, पिछड़ों, मुसलमानों और हिन्दुओं में शत्रुता, घृणा एवं वैमनस्यता पैदा कर आपस में उकसाने एवं वर्ग संघर्ष के उद्देश्य से जानबूझकर किए गए पोस्ट से उनकी, आरएसएस के स्वयंसेवकों और हिन्दू समाज की धार्मिक आस्था आहत हुई है।

कल अपराह्न करीब चार बजे मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री सिंह ने ट्विटर पर एक कथित अखबारी कतरन को साझा करते हुए लिखा,” गुरु गोलवलकर जी के दलितों पिछड़ों और मुसलमानों के लिए व राष्ट्रीय जल जंगल व ज़मीन पर अधिकार पर क्या विचार थे अवश्य जानिए।”

कथित अखबारी कतरन में गुरु गोलवलकर को उद्धृत करते हुए छापा गया है – “मैं सारी जिन्दगी अंग्रेज़ों की गुलामी करने के लिए तैयार हूँ लेकिन जो दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों को बराबरी का अधिकार देती हो, ऐसी आजादी मुझे नहीं चाहिए।”

इस पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने गहरी आपत्ति व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता झूठ के सहारे सामाजिक विद्वेष फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने श्री सिंह के ट्वीट का जवाब देते हुए ट्विटर पर उन्हें संबोधित करते हुए लिखा, “श्री गोलवलकर गुरुजी के संदर्भ में यह ट्वीट तथ्यहीन है तथा सामाजिक विद्वेष उत्पन्न करने वाला है। संघ की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से यह झूठा फोटोशॉप करके चित्र लगाया हैं। श्री गुरुजी ने कभी भी ऐसे नहीं कहा। उनका पूरा जीवन सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने में लगा रहा।”

श्री सिंह के इस ट्वीट पर आम लोगों ने भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की और उनके ट्वीट को उनकी गरिमा और राजनीतिक हैसियत के प्रतिकूल करार दिया है।

वकील राजेश जोशी द्वारा इंदौर के तुकोगंज पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई FIR में उन्होंने कहा कि, दिग्विजय सिंह के द्वारा गोलवलकर गुरूजी की एक तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर साझा करते हुए, उन्हें मुस्लिम विरोधी और दलित विरोधी बताया था।

इसके परिणामस्वरूप, सिंह के ऊपर भारतीय दण्ड संहिता की धाराओं 153A, 469, 500 और 505 के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

दिग्विजय सिंह इस से पहले भी कई बार अपने विवादित बयानों के लिए चर्चा में रहे हैं।

दिग्विजय सिंह ने एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम के अवसर पर मुंबई में हुए 26/11 आतंकवादी हमले में शहीद ATS चीफ हेमंत करकरे की मृत्यु को लेकर भी विवादित बयान दिया था, जिसमें उन्होंने उनकी मृत्यु को हिंदूवादी संगठनों से जोड़ने की कोशिश की थी।

हालांकि, कांग्रेस भी उनके इस बयान से पलड़ा झाड़ते हुए नज़र आई थी, कुछ समय बाद दिग्विजय सिंह भी अपने दिए बयान से पलट गए थे।

दिग्विजय सिंह के विवादित बयानों का सिलसिला यहीं नहीं थमा, इसके बाद 2017 में सिंह ने भारत में बैन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) संगठन के एक कार्यक्रम में ज़ाकिर नाइक के साथ मंच साझा किया और ज़ाकिर नाइक द्वारा किए गए कार्यों की सराहना भी की, यह तक कि उन्हें “मैसेंजर ऑफ पीस” भी बताया |

ज्ञात हो, 2008 में हुए बाटला हाउस एनकाउंटर को भी दिग्विजय सिंह नकली बता चुके हैं, जिसमें स्वर्गीय मोहन चंद शर्मा शहीद हो गए थे, साथ ही एनकाउंटर में मारे गए आतंकवादियों को दिग्विजय सिंह ने मासूम बताया था।
attacknews.in

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा: मध्यप्रदेश में 15 महीने की कमलनाथ सरकार अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार की सरकार थी जिसने वल्लभभवन को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था attacknews.in

ये भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाने और प्रदेश के भविष्य को संवारने का चुनाव है

अशोकनगर की वर्चुअल रैली में प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा, सांसद श्री सिंधिया का संबोधन

भोपाल 7 जुलाई । 15 महीने रही कमलनाथ सरकार ने प्रदेश को भ्रष्टाचारियों का अड्डा बना दिया। इस सरकार ने गरीबों के हित की योजनाएं बंद कर दीं। झूठ बोलकर सत्ता में आई इस सरकार ने हर वर्ग से वादाखिलाफी की। आने वाले उपचुनाव इन भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाने का चुनाव है। यह साधारण चुनाव नहीं, बल्कि प्रदेश के भविष्य को संवारने का चुनाव है।

यह बात पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ने मंगलवार को अशोकनगर विधानसभा की वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कही। रैली को सांसद के पी सिंह यादव एवं श्री जजपालसिंह जज्जी ने भी संबोधित किया।

देश भर में अन्याय के प्रतिकार का संदेश देंगे ये चुनावः सिंधिया

वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि 15 महीने की कमलनाथ सरकार अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार की सरकार थी। कमलनाथ सरकार ने वल्लभभवन को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था। वहां सांसद-विधायक नहीं जा पाते थे और सौदागरों, ठेकेदारों की पहुंच अंदर तक थी। सरकार की कुर्सी पर कोई और बैठता था और चाबी किसी और के हाथ में होती थी।

श्री सिंधिया ने कहा कि आने वाला चुनाव भाजपा-कांग्रेस का चुनाव नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की आन बान शान और उसके भविष्य को बचाने का चुनाव है।

उन्होंने कहा कि इस चुनाव से कश्मीर से कन्याकुमारी तक और गुजरात से बंगाल तक यह संदेश जाएगा कि जब कोई सरकार अत्याचार और भ्रष्टाचार पर उतारू हो जाती है, तो भाजपा का कार्यकर्ता किस तरह इस अन्याय का विरोध करता है।

जनता से विश्वासघात करने वालों को सबक सिखाएं

श्री सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश के लोगों से झूठ बोला, विश्वासघात किया। पार्टी के अध्यक्ष ने 10 दिनों में कर्जमाफी का वादा किया, 10 महीने इंतजार किया लेकिन किसी किसान के खाते में पैसा नहीं आया। नौजवानों से कहा था 4 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता देंगे। इस सरकार ने महिलाओं से भी छल किया। कन्यादान योजना की राशि 51 हजार करने की बात कही, लेकिन किसी को पैसे नहीं दिये।

उन्होंने पूछा कि क्या इस तरह वादाखिलाफी करने वाली सरकार मध्यप्रदेश में रहनी चाहिए ? उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जब भारतीय जनता पार्टी के लोग पीड़ितों की सहायता करने में व्यस्त थे, कांग्रेस सिर्फ कुर्सी का खेल खेलती रही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि आने वाले चुनाव में जनता से विश्वासघात करने वालों को सबक सिखाएं।

विकास, जनहित और सेवा पर रखें फोकस:

श्री सिंधिया ने रैली में उपस्थित कार्यकर्ताओं से पूछा कि क्या कांग्रेस सरकार के समय अशोकनगर में एक भी सड़क बनी? मुख्यमंत्री कमलनाथ क्या एक बार भी अशोकनगर आए हैं? श्री सिंधिया ने कहा कि ये लोग सिर्फ चुनाव के समय जनता के बीच आते हैं।

उन्होंने कहा कि पूरे समय कांग्रेस के लोग ही इस सरकार पर रेत माफिया, शराब माफिया को संरक्षण देने के आरोप लगाते रहे। दूसरी तरफ शिवराज सरकार के आते ही विकास के काम शुरू हो गए हैं। हमें, ये सारे मुद्दे जनता के सामने लेकर जाना है। जनता का फोकस हमें विकास पर, जनहित के कामों पर और सेवा पर रखना है। हमें जनता को बताना होगा कि पिछले 15 महीनों में कमलनाथ-दिग्विजयसिंह की जोड़ी ने क्या किया। श्री सिंधिया ने कहा कि आने वाले चुनाव में हमें उन लोगों को जवाब देना होगा, जो मध्यप्रदेश को भ्रष्टाचार का केंद्र बनाना चाहते हैं।

ईंट का जवाब पत्थर से दे

श्री सिंधिया ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आने वाला चुनाव अलग तरह का चुनाव है। ये चुनाव सोशल मीडिया पर लड़ा जाएगा। हमें सोशल मीडिया पर ईंट का जवाब पत्थर से देना होगा। इसके लिए टीम तैयार करें और लोगों को प्रशिक्षित करें।

उन्होंने कहा कि असली मंथन गांवों की चौपालों पर होता है। इसलिए लोगों से चर्चा करें और मुद्दों को जनता के बीच ले जाएं।

श्री सिंधिया ने कहा कि अटलजी कहते थे, यह आर या पार की लड़ाई है। इसलिए हमें कोई कोताही नहीं दिखानी है, सभी 24 सीटों पर जीत हासिल करना है और कांग्रेसियों को ऐसा सबक सिखाना है कि आने वाले 15 सालों तक जनता उन्हें घर पर ही बिठा कर रखे।

यह चुनाव मध्यप्रदेश का विकास और प्रगति का चुनाव हैः विष्णुदत्त

प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में हो रहे उपचुनाव किसी दल का चुनाव न होकर, कार्यकर्ताओं के स्वाभिमान, सम्मान और मध्यप्रदेश के विकास के चुनाव है। यह चुनाव गरीबों के हितों का चुनाव है। इन चुनावों में एक तरफ वह दल है, जिसने 15 महीने में मध्यप्रदेश को तबाह और बर्बाद किया। वहीं दूसरी तरफ मध्यप्रदेश को बचाने और विकास की ओर अग्रसर करने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार ने झूठ और प्रपंच कर जनता को भ्रमित किया और इसी कारण 15 महीने में ही उन्हें सत्ता से जनता ने बेदखल कर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिवराज सरकार ने 100 दिन में गांव, गरीब, किसान और कोरोना संकट से जूझ रहे लोगों को संबल दिया है।

जिन्होंने भाजपा को चुनौती दी, हमें उनको जवाब देना है

श्री शर्मा ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने गरीबों की सारी योजनाएं बंद कर दीं थी। कमलनाथ की सरकार ने गरीबो के हक को छीना। प्रदेश में कोरोना फैलता रहा और कमलनाथ सरकार कोरोना को छोड़कर आईफा अवार्ड की तैयारियों में लगी रही। बाद में शिवराज सरकार ने महामारी से लड़ाई की व्यवस्थाएं कीं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा संगठन को टारगेट करने की बात कही है। मैं उनके चैलेंज को स्वीकार करता हूं और भाजपा का कार्यकर्ता कांग्रेस को इन उपचुनावों में मुंहतोड़ जवाब देकर उन्हें जनता की अदालत में बेनकाब करेगा। श्री शर्मा ने कहा कि यह सरकार प्रदेश को बचाने के लिए बनी है, वर्ना कमलनाथ सरकार गरीबों को और उनके हकों को निगल जाती। श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा के संगठन को कुशाभाऊ ठाकरे और राजमाता सिंधिया ने अपनी मेहनत से सींचा है, ये संगठन कमजोर नहीं बहुत ताकतवर है। कमलनाथ जी आपको भाजपा के कार्यकर्ता सभी 24 विधानसभाओं में जवाब देंगे।

भ्रम फैला रहे हैं कांग्रेस के नेता

प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता झूठ और भ्रम फैला रहे हैं। इन्हें भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता कठोरता से जवाब दें। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित दल है, यहां कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम से ही विजयश्री मिलती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता भाजपा कार्यकर्ताओं को हल्के में न लें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि आप घनघोर परिश्रम करें जिससे सभी सीटों पर कांग्रेस की जमानत जब्त हो जाए।

ऐतिहासिक मतों से विजयी होगी भाजपा : के पी यादव

रैली को संबोधित करते हुए गुना अशोक नगर सांसद श्री केपी यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की ओर अग्रसर हुआ है। मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान के रूप में हमें एक संवेदनशील नेतृत्व मिला है। कांग्रेस ने वादाखिलाफी  करके जनता पर अत्याचार किए, उन अत्याचारों का जवाब कार्यकर्ता देंगे। उन्होंने कहा कि हम एकजुट होकर कांग्रेस को बेनकाब करेंगे। जनसमर्थन भाजपा के साथ है और भाजपा ऐतिहासिक मतों से विजयी होगी।

सरकार-सरकार में फर्क होता है : जज्जी

रैली को संबोधित करते हुए अशोकनगर के पूर्व विधायक श्री जजपाल जज्जी ने कहा कि 15 महीनों में अशोकनगर के विकास के लिए मैंने मुख्यमंत्री कमलनाथ से कई बार निवेदन किया लेकिन उन्होंने सरकार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने का हमेशा बहाना किया। प्रदेश में कहीं भी विकास कार्य नहीं होते थे, सारी योजनाएं सिर्फ छिंदवाड़ा में क्रियान्वित होती थीं। 15 महीने में कमलनाथ सरकार के काम देखें हैं, वहां न विकास, न विजन होता था। लेकिन इन 100 दिनों में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने अशोकनगर की जनता को विकास की कई सौगातें दी हैं। उन्होंने कहा कि विकास का यह क्रम निरंतर जारी रहे, इसके लिए भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाएं।

रैली में अशोकनगर विधानसभा के प्रभारी, प्रदेश शासन के मंत्री श्री विश्वास सारंग, पूर्व विधायक श्री लड्डूराम कोरी, श्री नीरज मनोरिया, श्री जयमंडल यादव सहित अशोकनगर विधानसभा के नगर मंडल के कार्यकर्ता शामिल हुए। स्वागत भाषण जिलाध्यक्ष श्री उमेश रघुवंशी ने दिया। वर्चुअल रैली का संचालन श्री राघवेन्द्र शर्मा एवं आभार श्री रविन्द्र दुबे ने माना।