मध्यप्रदेश में चर्चित हनीट्रेप कांड की जांच कर रहे SIT प्रमुख संजीव शमी को भेजा लूपलाइन,बड़े पैमाने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के तबादले attacknews.in

भोपाल, 01 अक्टूबर । मध्यप्रदेश सरकार ने आज रात भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारियों के तबादला आदेश जारी कर दिए, जिसमें बहुचर्चित हनीट्रैप मामले की जांच कर रहे अधिकारी भी प्रभावित हुए हैं।

मध्यप्रदेश के बहुचर्चित हनीट्रैप मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) के अध्यक्ष के रूप में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी राजेंद्र कुमार को नियुक्त किया गया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री राजेंद्र कुमार, पुलिस मुख्यालय भोपाल में सायबर क्राइम के विशेष पुलिस महानिदेशक हैं। अब वे एसआईटी के प्रमुख होंगे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) (काउंटर इंटेलीजेंस एवं एटीएस) संजीव शमी को एडीजीपी (चयन एवं भर्ती) बनाया गया है। श्री शमी को हाल ही में हनीट्रैप मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) का प्रमुख बनाया गया था।

पुलिस मुख्यालय में एडीजीपी (गुप्तवार्ता), कैलाश मकवाना को एडीजीपी (प्रशासन) और एडीजीपी (प्रशासन) पुलिस मुख्यालय डॉ एस डब्ल्यू नकवी को एडीजीपी (गुप्तवार्ता) पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गयी है।

अभी तक संचालक, लोक अभियोजन, मध्यप्रदेश राजेंद्र कुमार को विशेष पुलिस महानिदेशक, सायबर क्राइम पुलिस मुख्यालय भोपाल पदस्थ किया गया है।

आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, भोपाल के विशेष पुलिस महानिदेशक के एन तिवारी को विशेष पुलिस महानिदेशक (चयन एवं भर्ती), पुलिस मुख्यालय भोपाल पदस्थ किया गया है।

हाल में प्रदेश पुलिस के मुखिया के खिलाफ मीडिया में बयान देने वाले सायबर क्राइम एवं एसटीएफ के विशेष पुलिस महानिदेशक पुरुषोत्तम शर्मा को लोक अभियोजन मध्यप्रदेश का संचालक बनाया गया है।

एडीजीपी (एंटी नक्सल ऑपरेशन) जी पी सिंह को एडीजीपी (एससीआरबी) और एडीजीपी (लोकायुक्त संगठन) सुशोभन बनर्जी को प्रभारी महानिदेशक आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ बनाया गया है।

एडीजीपी, विशेष अभियान पुलिस मुख्यालय भोपाल राजेश गुप्ता को एडीजीपी (काउंटर इंटेलीजेंस एवं एटीएस) बनाया गया है। एडीजीपी (एससीआरबी) आदर्श कटियार को एडीजीपी, भोपाल जोन बनाया या है। भोपाल के पुलिस महानिरीक्षक योगेश देशमुख को पुलिस महानिरीक्षक (प्रशासन) पुलिस मुख्यालय भोपाल बनाया गया है।