Home / राष्ट्रीय / पंचतत्व में विलीन अरुण जेटली को राजकीय सम्मान के साथ प्रकृति ने भी बरस कर अपनी श्रद्धांजलि दी attacknews.in

पंचतत्व में विलीन अरुण जेटली को राजकीय सम्मान के साथ प्रकृति ने भी बरस कर अपनी श्रद्धांजलि दी attacknews.in

नयी दिल्ली 25 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता और मोदी सरकार के आर्थिक सुधारों के सूत्रधार पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का पार्थिव शरीर आज यहां पंचतत्व में विलीन हो गया। 

राजधानी में यमुना के तट पर निगम बोध घाट पर राजकीय सम्मान के साथ करीब सवा तीन बजे उनका अंतिम संस्कार किया गया। श्री जेटली की चिता को उनके पुत्र रोहन ने जैसे ही मुखाग्नि दी, दिल्ली पुलिस की एक टुकड़ी ने उन्हें सशस्त्र सलामी दी। इसी समय पर आसमान में छाये बादल बरस पड़े। उनकी पत्नी संगीता, पुत्री सोनाली एवं अन्य परिजनों एवं समर्थकों की आंखें भी नम हो गयीं। 

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडु, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, पंजाब के राज्यपाल वी पी सिंह बदनौर, राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद, भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, लोक जनशक्ति पार्टी के प्रमुख और केन्द्रीय मंत्री राम विलास पासवान, केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल, स्मृति ईरानी, धर्मेन्द्र प्रधान, डॉ. जितेन्द्र सिंह, अनुराग ठाकुर, साध्वी निरंजन ज्योति, प्रह्लाद सिंह पटेल, पार्टी के उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, भाजपा के महासचिव भूपेन्द्र यादव, राम माधव, अनिल जैन, पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी तथा अन्य नेता उपस्थित थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विदेश यात्रा पर होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके।

अंतिम संस्कार से पहले ही बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर तथा कई अन्य नेता भी निगम बोध घाट पहुँच गये थे। योग गुरु स्वामी रामदेव और भूटान सरकार के प्रतिनिधि भी अंतिम संस्कार के दौरान उपस्थित थे। इस मौके पर निगम बोध घाट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी।

अंतिम संस्कार के लिए निगम बोध घाट लाने के पहले श्री जेटली के पार्थिव शरीर को फूलों से सजे सेना के वाहन से भाजपा मुख्यालय लाया गया और कुछ घंटे पार्टी जनों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा, मंत्री पीयूष गोयल, श्री जेटली की पत्नी और पुत्री तथा अन्य नेता उपस्थित थे। भाजपा मुख्यालय का ध्वज आधा झुका दिया गया था।

इससे पहले कैलाश कालोनी में उनके आवास पर आज सुबह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, पूर्व मंत्री प्रफुल्ल पटेल, दूतावासों के राजनयिकों तथा कई अन्य नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। श्री जेटली को श्रद्धांजलि देने के लिए कल से ही लोगों का तांता लगा रहा। 

श्री जेटली का शनिवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया था। वह 66 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी ,एक पुत्र और एक पुत्री हैं। श्री जेटली ने 12 बजकर सात मिनट पर अंतिम श्वास ली। श्री जेटली को बेचैनी और सांस लेने में तकलीफ होने के बाद नौ अगस्त को एम्स में भर्ती कराया गया था।

श्री जेटली के निधन से देश भर में शोक की लहर दौड़ गयी। श्री कोविंद, उपराष्ट्रपति, श्री मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केन्द्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

बहरीन की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी को श्री जेटली के निधन का समाचार मिला। अपने शोक संदेश में श्री मोदी ने कहा कि श्री जेटली के निधन से उन्होंने एक महत्वपूर्ण मित्र खो दिया है। बाद में श्री मोदी प्रवासी भारतीयों के एक कार्यक्रम में श्री जेटली के निधन और अपनी मजबूरी का इजहार करते हुए भावुक हो गये। श्री मोदी ने श्री जेटली की पत्नी और पुत्र से टेलीफोन पर बात भी की।

भाजपा प्रमुख श्री शाह ने अपने शाेक संदेश में पूर्व वित्त मंत्री को भारत को सबसे तेजगति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बनाने वाला नेता बताया और कहा कि श्री जेटली काले धन पर कार्रवाई करने वाले तथा, गरीब तबकों के लिए कल्याणकारी कार्यक्रमों तथा विमुद्रीकरण एवं वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) जैसे सुधारों को ज़मीन पर उतारने वाले एक सक्षम प्रशासक एवं संवेदनशील राजनेता थे।

श्री जेटली का पिछले साल एम्स में ही गुर्दा प्रत्यारोपण किया गया था। उसके कुछ माह बाद वह पुन: राजनीति में सक्रिय हो गये थे। इसी वर्ष में उन्हें सॉफ्ट टिश्यू कैंसर होने का पता चला था और वह जनवरी में उपचार के लिए अमेरिका गये थे।

मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान वित्त, रक्षा, कारपोरेट मामले एवं सूचना प्रसारण जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय संभालने वाले श्री जेटली ने लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा के पुन: सत्ता में आने पर प्रधानमंत्री से अनुरोध किया था कि उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया जाये ताकि वह उपचार करा सकें और स्वस्थ हो सकें। 

उन्होंने 1974 में राजनीति का सफर शुरू किया था। वह आपातकाल के दौरान जेल भी गये थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के दौरान उन्हें 13 अक्टूबर 1999 को सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नियुक्त किया गया। उन्हें विनिवेश राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भी नियुक्त किया गया। बाद में उन्हें कानून, न्याय और कंपनी मामलों के मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी मिला था।
श्री जेटली को वर्ष 2000 में कैबिनेट मंत्री के रूप में पदोन्नत किया गया था और कानून, न्याय और कंपनी मामलों एवं जहाजरानी मंत्री बनाया गया था। भूतल परिवहन मंत्रालय के विभाजन के बाद वह नौवहन मंत्री भी बने थे। उन्हें तीन जून 2009 को राज्यसभा में विपक्ष के नेता के रूप में चुना गया था। सोलह जून 2009 को उन्होंने अपनी पार्टी में एक व्यक्ति एक पद सिद्धांत के तहत भाजपा के महामंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। वह पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य भी रहे थे। 

वर्ष 2014 के आम चुनाव में वह अमृतसर लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार थे लेकिन चुनाव हार गये थे। पर उनकी भूमिका के महत्व को समझते हुए श्री मोदी ने उन्हें सरकार में अहम स्थान दिया। मोदी सरकार के दौरान उन्हें वित्त मंत्री बनाया गया। वह कारपोरेट मामलोें के साथ रक्षा मंत्री भी नियुक्त किये गये थे।

About Administrator Attack News

Dr.Sushil Sharma Admin/Editor

Check Also

भोपाल में RSS के सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले ने भारत को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए बताएं संघ के दो मुख्य काम और कहा:विश्वगुरु भारत अर्थात अपनी खुशहाली के साथ विश्व का कल्याण attacknews.in

भोपाल में RSS के सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले ने भारत को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए बताएं संघ के दो मुख्य काम और कहा:विश्वगुरु भारत अर्थात अपनी खुशहाली के साथ विश्व का कल्याण

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की बागडोर युवाओं को संभालने के लिए तैयार रहने को कहा attacknews.in

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की बागडोर युवाओं को संभालने के लिए तैयार रहने को कहा

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को और चार महीने मार्च 2022 तक विस्तार देने को मंजूरी दी,सभी लाभार्थियों को प्रति व्यक्ति, प्रति माह 5 किलो अनाज निःशुल्क attacknews.in

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को और चार महीने मार्च 2022 तक विस्तार देने को मंजूरी दी,सभी लाभार्थियों को प्रति व्यक्ति, प्रति माह 5 किलो अनाज निःशुल्क

CBSE की परीक्षा में पंजाबी भाषा के बारे में झूठ बोलकर फंसे चरणजीत सिंह चन्नी,अधिकारी ने स्पष्ट किया;क्षेत्रीय भाषाओं को 10वीं, 12वीं कक्षा की टर्म-1 परीक्षा में लघु विषय श्रेणी में रखा गया attacknews.in

CBSE की परीक्षा में पंजाबी भाषा के बारे में झूठ बोलकर फंसे चरणजीत सिंह चन्नी,अधिकारी ने स्पष्ट किया;क्षेत्रीय भाषाओं को 10वीं, 12वीं कक्षा की टर्म-1 परीक्षा में लघु विषय श्रेणी में रखा गया

PM नरेन्द्र मोदी ने बताया: एमएसपी पर किसानों से अब तक की सबसे बड़ी खरीद,धान किसानों के खातों में ₹ 1,70,000 करोड़ और गेहूं किसानों को ₹ 85,000 करोड़ सीधे भेजे गए attacknews.in

PM नरेन्द्र मोदी ने बताया:एमएसपीपर किसानों से अब तक की सबसे बड़ी खरीद,धान किसानों के खातों में ₹ 1,70,000 करोड़ और गेहूं किसानों को ₹ 85,000 करोड़ सीधे भेजे गए