Home / राष्ट्रीय / नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ उत्तरप्रदेश में कांग्रेस-सपा और वाम ने फैला दी हिंसा,लखनऊ जला आग में,जगह-जगह आगजनी और तोड़फोड़ से तनाव attacknews.in

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ उत्तरप्रदेश में कांग्रेस-सपा और वाम ने फैला दी हिंसा,लखनऊ जला आग में,जगह-जगह आगजनी और तोड़फोड़ से तनाव attacknews.in

लखनऊ, 19 दिसंबर ।नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ राजधानी लखनऊ में हिंसा भड़क उठी। उपद्रवियों ने पथराव किया, वाहनों को आग लगा दी जबकि संभल में दो सरकारी बसों को आग के हवाले कर दिया।समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन ने गुरूवार को गंगा जमुनी तहजीब की मिसाल कहे जाने वाले नवाबों के शहर लखनऊ पर हिंसा का दाग लगा दिया वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संभल में उपद्रवियों ने आगजनी और तोड़फोड़ कर तनाव फैलाने की कोशिश की।

सूबे की योगी सरकार ने नये कानून की आड़ में विरोध प्रदर्शन की आशंका के मद्देनजर पहले से ही राज्य भर में धारा 144 लागू कर दी थी और शुक्रवार तक जुलूस एवं धरना प्रदर्शन पर रोक लगा दी थी लेकिन सुरक्षा बलों के तमाम इंतजामों को धता बताते हुये उपद्रवी बीच सड़क पर निकले और जमकर तांडव किया। पुलिस ने हिंसा पर उतारू भीड़ को तितर बितर करने के लिये आंसू गैस के गोले दागे और लाठिया भांजी।

सीएए के विरोध में सपा का राज्यव्यापी प्रदर्शन

कड़े सुरक्षा इंतजाम और निषेधाज्ञा लागू होने के बीच नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में उत्तर प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने गुरूवार को राज्यव्यापी प्रदर्शन किया।

कानपुर,देवरिया,कन्नौज,वाराणसी और लखनऊ समेत राज्य के विभिन्न जिलों में सीएए के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कई स्थानों पर रेल और सड़क यातायात बाधित करने का प्रयास किया गया हालांकि सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को लाठी पटक कर खदेड़ दिया। सपा के उग्र प्रदर्शन के मद्देनजर कुछ स्थानों पर पार्टी नेताओं को उनके घरों से बाहर नहीं निकलने दिया गया।

हिंसा करने वालों से सख्ती से निपटा जायेगा : योगी

नागरिता संशोधन कानून के विरोध में गुरूवार को लखनऊ और सम्भल में हुई हिसंक घटनाओं को गंभीरता से लेते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उपद्रवियों से सख्ती से निपटने के निर्देश अधिकारियों को दिये हैं।

श्री योगी ने यहां कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी ने आज महाबंद का आह्वान किया था। इस बंद की आड़ में किए गये प्रदर्शन के दौरान लखनऊ और सम्भल में आगजनी और तोडफोड की घटनाये हुयीं और सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। बंद का आवाहन करने वालों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज कर उनकी सम्पति जब्त कर नुकसान की भरपाई की जायेगी।

श्री योगी ने कहा कि अगर किसी को कोई आपत्ति है तो उसे आपसी बातचीत से ही सुलझाया जाना चाहिये। आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जायेगी। पूरे प्रदेश में धारा 144 लागू है और धरना प्रदर्शन करने पर सख्त मनाही थी। इसके बावजूद बडी तादाद में लोग सड़कों पर निकले और उपद्रव शुरू हो गया। इस बारे मे जिम्मेदारों से जवाब तलब किया जायेगा और पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। इस बीच घटना के बाद लखनऊ विश्वविद्यालय की कल होने वाली परीक्षा स्थगित कर दी गई हैं।

सम्भल में नागरिकता कानून के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने परिवहन निगम की बस में आग लगा दी और तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों का जुलूस चौधरी सराय पहुँचा तो अचानक नारेबाजी कर रही भीड़ उग्र हो गई। भीड़ में मौजूद कुछ अराजक तत्वों ने सड़क किनारे खड़ी रोडवेज की बसों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। बवाल को बढ़ते देखकर शहर के बाजार आनन-फानन में बंद हो गये।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम काला कानून है जो धर्म के आधार पर देश को बांटने की कोशिश है। कुर्सी की खातिर लागू किये गये इस कानून का विरोध उनकी पार्टी हर स्तर पर करेगी। संविधान में हर धर्म के लोगों को समान अधिकार दिये गये है जबकि अल्पसंख्यकों को निशाने पर रख कर इस कानून को अमल में लाया गया है।

जिला प्रशासन ने विरोध प्रदर्शन की आशंका से बुधवार को ही रिहाई मंच के अध्यक्ष मोहम्मद शोयेब और वामदलों के अलावा सामाजिक संगठनों के कुछ नेताओं को नजरबंद कर दिया था।

वाराणसी के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने जिले में धारा 144 लागू होने का हवाला देते हुए जनता से किसी प्रकार के जुलूस, धरना, प्रदर्शन आदि में भाग नहीं लेने की अपील की और नहीं मानने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के लिये तैयार होने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाकर बेनियाबाग एवं लोहता में लोगों को इकटठा होने का संदेश दिया जा रहा है। कुछ लोग छात्रों को गुमराह कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने विश्वविद्यालय, हॉस्टल, मदरसा आदि के छात्र-छात्राओं से विशेष अपील की है कि उन्हें कोई गुमराह करता है तो बहकावे में नहीं आयें, अपने पढाई पर ध्यान दें।

सीएए के विरोध में प्रयागराज में प्रदर्शन करने जा रहे करीब 300 समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेजा गया। सपा नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने जैसे ही पार्टी के जिला कार्यालय जॉर्ज टाउन से कचेहरी की ओर कूच किया, पहले से ही मौजूद सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोका। सभी कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस की सपाइयों से धक्कामुक्की भी हुई। लगभग आधे घंटे तक चली जद्दोजहद के बाद मौके पर पहुंचे अपर जिलाधिकारी (नगर) अशोक कुमार कन्नाैजिया ने ज्ञापन लिया और सपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर बसों में बैठाकर पुलिस लाइन भेजा।

असामाजिक तत्वों ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया।

उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओ पी सिंह के मुताबिक 19 दिसंबर को किसी भी तरह के जमावड़े की अनुमति नहीं दी गई है।

डीजीपी ने कहा, ‘‘पुलिस को राजधानी के मदेयगंज क्षेत्र में भीड़ को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पडे़। करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है।’’

शहर के अन्य कई हिस्सों में तनाव व्याप्त है। विशेषकर पुराने लखनऊ के मुस्लिम बहुल इलाकों में तनाव है। कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।

हसनगंज क्षेत्र में पथराव कर रही भीड़ को तितर बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पडे़।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को हिरासत में ले लिया गया है। वह नागरिकता कानून के खिलाफ परिवर्तन चौक पर प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे।

परिवर्तन चौक स्थित के डी सिंह बाबू स्टेडियम के मेट्रो स्टेशन के गेट बंद कर दिये गये हैं क्योंकि पथराव कर रही भीड़ बड़ी संख्या में यहां जमा हो गयी थी।

भीड़ ने एक टीवी चैनल की ओ बी वैन में तोड़फोड़ की और उसे कथित तौर पर आग के हवाले कर दिया।

विपक्षी सपा एवं कांग्रेस विधायकों ने विधान भवन में नये कानून के खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी की।

सपा विधायक सुबह ही विधान भवन में एकत्र हो गये हालांकि इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सपा विधायकों ने सीएए के खिलाफ नारेबाजी की। उसी समय कांग्रेस विधायकों ने भी प्रदर्शन किया।

सपा नेता चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के निकट एकत्र हुए और वहां नारेबाजी की। कांग्रेस विधायक भी निकट की सीढ़ियों पर प्रदर्शन कर रहे थे।

सपा का एक विधायक विरोध प्रकट करने के लिए मुख्य द्वार पर ही चढ़ गया। कांग्रेस के कुछ विधायक सड़क पर आये लेकिन पुलिस की अनुमति नहीं मिलने पर वे वापस विधान भवन परिसर में चले गये।

सदन में सपा विधायकों ने पुलिस की ज्यादती का मुद्दा उठाना चाहा। उनका कहना था कि सीएए के खिलाफ प्रदर्शन करने के उनके लोकतांत्रिक अधिकार का हनन किया जा रहा है। इस मुद्दे पर सपा विधायकों ने जमकर हंगामा किया।

सपा नेताओं ने मंगलवार को सीएए, कानून व्यवस्था, महिलाओं के प्रति अपराध सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर विधानभवन के बाहर प्रदर्शन किया।

देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच राज्य पुलिस ने बुधवार को कहा था कि किसी को भी प्रदेश भर में निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं है।

संभल के जिलाधिकारी अविनाश के सिंह ने कहा, ‘‘जिले में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गयी हैं। यहां भीड़ ने एक बस को आग लगा दी जबकि एक अन्य को क्षतिग्रस्त कर दिया।’’

उन्होंने बताया, ‘‘एक थाने पर भी प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया। इंटरनेट सेवाएं एहतियात के तौर पर बंद की गयी हैं।’’

मऊ में भीड़ ने पथराव किया, जिसके बाद आरएएफ और पीएसी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। यहां भी इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गयी हैं।

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में कई शिक्षकों ने मौन जुलूस निकाला। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थीं।

कानून का विरोध कर रहे छात्रों का रविवार को पुलिस से संघर्ष हुआ था, जिसमें 60 लोग घायल हो गये थे। प्रशासन ने विश्वविद्यालय को पांच जनवरी तक बंद कर दिया है।

कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सपा, बसपा और कांग्रेस लोगों को गुमराह कर रही है। मुसलमानों के कंधों को साजिश के तहत इस्तेमाल किया जा रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सरकार में किसी को डरने की जरूरत नहीं है। हम किसी का अधिकार नहीं छीन रहे हैं। समूचे देश में जिस तरह आग लगाने की कोशिश की जा रही है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। विपक्ष से आग्रह है कि लोगों विशेषकर छात्रों को गुमराह नहीं किया जाए। लखनऊ में कानून को हाथ लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’

शर्मा ने कहा कि लोग सरकारी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाएं, लोगों के बहकावे में नहीं आयें। आपके स्वाभिमान और सम्मान के लिए राज्य सरकार संकल्पित है।

इस बीच लखनऊ के मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम ने कहा, ‘‘वीडियोग्राफी के जरिए जो लोग चिन्हित होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिन लोगों ने नुकसान किया है, उसकी भरपायी उनसे करायी जाएगी।’’

सीएए के विरोध में सपा का राज्यव्यापी प्रदर्शन

कड़े सुरक्षा इंतजाम और निषेधाज्ञा लागू होने के बीच नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में उत्तर प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने गुरूवार को राज्यव्यापी प्रदर्शन किया।

कानपुर,देवरिया,कन्नौज,वाराणसी और लखनऊ समेत राज्य के विभिन्न जिलों में सीएए के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कई स्थानों पर रेल और सड़क यातायात बाधित करने का प्रयास किया गया हालांकि सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों को लाठी पटक कर खदेड़ दिया। सपा के उग्र प्रदर्शन के मद्देनजर कुछ स्थानों पर पार्टी नेताओं को उनके घरों से बाहर नहीं निकलने दिया गया।

हंगामे की भेंट चढ़ा उत्तरप्रदेश विधानसभा की शीतकालीन सत्र

नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के विरोध में समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के जोरदार हंगामे के चलते गुरूवार को राज्य विधानसभा के शीतकालीन सत्र की कार्यवाही दूसरा अनुपूरक बजट पारित होने के बाद अनिश्चितकाल के लिये स्थगित कर दी गयी।

विपक्ष ने योगी सरकार पर अलोकतांत्रिक रवैये का आरोप लगाते हुये कहा कि इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ कि सदन की कार्यवाही शुरू होने के मात्र आधे घंटे के भीतर प्रश्नकाल के दौरान बजट प्रस्तावों को पारित कराया गया हो। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सपा और कांग्रेस के सदस्य वेल पर आ गये और सीएए को वापस लेने की मांग करने लगे। सपा सदस्य सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे।

निर्दोषों को फंसा सकती है योगी सरकार: अखिलेश

नागरिकता संशोधन अधिनियम को काला कानून करार देते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरूवार को आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और निर्दोषों को फंसाने की साजिश रची जा रही है।

श्री यादव ने कहा कि उनकी पार्टी ने विधान भवन परिसर से लेकर सड़कों तक शांतिपूर्ण धरना दिया और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। शांतिपूर्ण एवं अहिंसात्मक धरना के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुये उन्होने कि भाजपा को लोकतंत्र और संविधान की परवाह नहीं है। भाजपा सरकार ने आपातकाल जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। भाजपा सरकार जानबूझकर सत्ता पर काबिज रहने के लिए काला कानून लाई है। धर्म के आधार पर नागरिकता की बात स्वीकार नहीं की जा सकती है। भाजपा भाईचारा तोड़ने और नागरिकों के बीच खाई पैदा करना चाहती है।

संविधान की खातिर मरते दम तक जारी रहेगी लड़ाई: लल्लू

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि संविधान की मूल आत्मा को चोट पहुंचाने वाले नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ उनकी लड़ाई मरते दम तक जारी रहेगी।

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल श्री लल्लू को गुरूवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस हिरासत में लल्लू ने कहा कि यह कानून देश के संविधान के खिलाफ है जिसमें एक धर्म को निशाना बनाया गया है जो कि संविधान की मूल आत्मा के खिलाफ है। भाजपा देश मे संघी विधान लागू करना चाहती है, पर संघ परिवार का सपना कभी पूरा नहीं होगा।

लखनऊ हिंसा आगजनी के आरोप में 112 लोगों को लिया गया हिरासत में

उत्तर प्रदेश में आज समाजवादी पार्टी (सपा)कांग्रेस और अन्य राजनीति दलों द्वारा नागरिक संशोधन कानून के विरोध में लखनऊ में आगजनी और तोड़फोड के विरोध में 112 लोगों को हिरासत में लिया गया ।

पुलिस प्रवक्ता ने यहां यह जानकारी दी । उन्होंने बताया कि राज्य प्रदेश व्यापी विभिन्न जिलों में आज हुए धरना-प्रदर्शन में सम्भल और लखनऊ को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों में धरना-प्रदर्शन शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ, कुछ जिलों में छुट-पुट विरोध-प्रदर्शन किया गया, जिसे वहां पर उपस्थित पुलिस बल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए हिंसात्मक कार्रवाई करते हुए नियंत्रण रखा गया।

वाम दलों ने लखनऊ समेत समूचे प्रदेश में किया धरना प्रदर्शन

नागरिकता संशोधन विधेयक और छात्रों पर हुयी पुलिस कार्रवाई के विरोध में वामपंथी दलों ने गुरूवार को लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के अन्य स्थानों पर प्रदर्शन किया।

लखनऊ में सफेद बारादरी के निकट भाकपा (माले), माकपा समेत वाम दलों और संगठनों के कार्यकर्ता एकत्र हुए और परिवर्तन चौक की ओर मार्च कर दिया। कार्यकर्ता संविधान-विरोधी नागरिकता संशोधन कानून रद्द करो, एनआरसी नहीं चलेगा, जामिया-अलीगढ़ में छात्रों पर पुलिस दमन क्यों जैसे नारे लगा रहे थे। परिवर्तन चौक के निकट पहले से बैरिकेड लगाए प्रशासन ने उन्हे रोक दिया।

About Administrator Attack News

Dr.Sushil Sharma Admin/Editor

Check Also

भोपाल में RSS के सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले ने भारत को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए बताएं संघ के दो मुख्य काम और कहा:विश्वगुरु भारत अर्थात अपनी खुशहाली के साथ विश्व का कल्याण attacknews.in

भोपाल में RSS के सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले ने भारत को परम वैभव पर पहुंचाने के लिए बताएं संघ के दो मुख्य काम और कहा:विश्वगुरु भारत अर्थात अपनी खुशहाली के साथ विश्व का कल्याण

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की बागडोर युवाओं को संभालने के लिए तैयार रहने को कहा attacknews.in

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की बागडोर युवाओं को संभालने के लिए तैयार रहने को कहा

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को और चार महीने मार्च 2022 तक विस्तार देने को मंजूरी दी,सभी लाभार्थियों को प्रति व्यक्ति, प्रति माह 5 किलो अनाज निःशुल्क attacknews.in

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को और चार महीने मार्च 2022 तक विस्तार देने को मंजूरी दी,सभी लाभार्थियों को प्रति व्यक्ति, प्रति माह 5 किलो अनाज निःशुल्क

CBSE की परीक्षा में पंजाबी भाषा के बारे में झूठ बोलकर फंसे चरणजीत सिंह चन्नी,अधिकारी ने स्पष्ट किया;क्षेत्रीय भाषाओं को 10वीं, 12वीं कक्षा की टर्म-1 परीक्षा में लघु विषय श्रेणी में रखा गया attacknews.in

CBSE की परीक्षा में पंजाबी भाषा के बारे में झूठ बोलकर फंसे चरणजीत सिंह चन्नी,अधिकारी ने स्पष्ट किया;क्षेत्रीय भाषाओं को 10वीं, 12वीं कक्षा की टर्म-1 परीक्षा में लघु विषय श्रेणी में रखा गया

PM नरेन्द्र मोदी ने बताया: एमएसपी पर किसानों से अब तक की सबसे बड़ी खरीद,धान किसानों के खातों में ₹ 1,70,000 करोड़ और गेहूं किसानों को ₹ 85,000 करोड़ सीधे भेजे गए attacknews.in

PM नरेन्द्र मोदी ने बताया:एमएसपीपर किसानों से अब तक की सबसे बड़ी खरीद,धान किसानों के खातों में ₹ 1,70,000 करोड़ और गेहूं किसानों को ₹ 85,000 करोड़ सीधे भेजे गए